अब 'संदीप भईया' की जिंदगी में ले जाएगी नई वेबसीरीज, एस्पिरेंट्स हिट होने के बाद आया ट्रेलर, क्या फिर टूट पाएगा रिकॉर्ड?

 NEWS18 हिंदी, लेखक - शामू पाठक 

टीवीएफ की सुपरहिट सीरीज एस्पिरेंट्स में संदीप भईया का किरदार सुपरहिट रहा था. इस किरदार पर एक अलग वेबसीरीज रिलीज होने वाली है. संदीप भईया के नाम की सीरीज का ट्रेलर भी सोमवार को रिलीज कर दिया गया है. ये सीरीज 30 जून को टीवीएफ पर प्रीमियर की जाएगी.


मुंबई - टीवीएफ की सुपरहिट वेबसीरीज ‘एस्पिरेंट्स’ सुपरहिट रही थी. इस सीरीज के सभी किरदार आज तक सोशल मीडिया पर छाए रहते हैं. देश की सबसे कठिन परीक्षाओं में से एक यूपीएससी की तैयारी करने वालों पर बनी ये सीरीज युवाओं को खूब इंस्पायर कर गई थी. इस सीरीज में संदीप भईया नाम का किरदार भी लोगों का पसंदीदा रहा था.

सनी हिंदुजा ने संदीप भईया का किरदार निभाया था और खूब नाम कमाया था. अब संदीप भईया की जिंदगी पर एक वेबसीरीज बनकर तैयार है. सोमवार को टीवीएफ ने इसका ट्रेलर भी रिलीज कर दिया गया है. ट्रेलर में प्रयागराज में तैयारी करते युवाओं की जिंदगी पर प्रकाश डालती ये सीरीज एक बार फिर चर्चा में है. 30 जून को इस सीरीज को यूट्यूब पर टीवीएफ के अकाउंट पर प्रीमियर किया जाएगा. इस सीरीज के ट्रेलर के बाद से फैन्स काफी एक्साइटेड नजर आ रहे हैं.

2 साल पहले आई थी एस्पिरेंट्स
टीवीएफ की सुपरहिट वेबसीरीज एस्पिरेंट्स 2 साल पहले 2021 में प्रीमियर की गई थी. इस सीरीज में लीड किरदारों की बात करें तो नवीन कस्तूरिया, शिवांकित सिंह परिहार और अभिलाश थपलियाल ने निभाए थे. साथ ही सनी हुंदुजा ने भी संदीप भईया नाम का अहम किरदार प्ले किया था. सीरीज के दौरान ही संदीप भईया का किरदार फैन्स को काफी पसंद आया था. साथ ही सनी हिंदुजा को इस सीरीज से काफी पहचान भी मिली थी. अब सनी हिंदुजा जल्द ही ओटीटी पर धमाका करने को तैयार है.

खुद को लकी मानते हैं सनी हिंदुजा
सनी हिंदुजा ने हाल ही में अपनी अपकमिंग सीरीज ‘संदीप भईया’ को लेकर खुलकर बात की थी. इसमें सनी हिंदुजा ने बताया, ‘मैं खुद को खुशकिस्मत मानता हूं कि मेरे द्वारा निभाया गया किरदार संदीप भईया को लोगों का इतना प्यार मिला है. मैं सीरीज के मेकर्स का शुक्रगुजार हूं कि उन्होंने एक बेहतरीन कहानी तैयार कर कुछ नया करने का प्रयास किया है. मैं लोगों के फीडबैक का बेसब्री से इंतजार कर रहा हूं.’ संदीप भईया सीरीज 30 जून को रिलीज हो रही है. सीरीज के ट्रेलर को भी जमकर पसंद किया जा रहा है. फैन्स भी सीरीज को लेकर एक्साइटेड नजर आ रहे हैं. अब देखना ये होगा कि व्यूज के मामले में क्या ये सीरीज एस्पिरेंट्स का रिकॉर्ड तोड़ पाएगी.


Blogger द्वारा संचालित.